आप भी बन सकते हैं लोकप्रिय
लोगों
के बीच पॉपुलर होने के लिए न तो आसमान से तारे तोड़ने की जरुरत है न लाखों रूपए
खर्च करने की. बस अपने स्वभाव और एक्टिविटीज में छोटे छोटे परिवर्तन करना काफी है-
थैक्यू बोलना सीखें- जो लोग आपको खुशी देते हैं,आपके लिए कुछ अच्छा
करते हैं ,आपकी वक्त-बेवक्त मदद करते हैं
और आपके प्रति स्नेह का भाव रखते हैं, उनके प्रति आभार जताने की आदत डालें। उन्हें
समय-समय पर उपहार व मिठाई आदि दें। इससे उनके साथ आपके रिश्तों में और भी प्रगाढ़ता
आएगी और आपका सपोर्ट सिस्टम भी इम्प्रूव होगा।
दयालु बनें- दयालुता संक्रामक होती है। जब आप कुछ अच्छा करते
हैं, तो दूसरों का मन भी कुछ अच्छा करने के लिए प्रेरित होता है। स्टैनफोर्ड और
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी को शोधकर्ताओं ने पाया है कि लोगों में दूसरों की पॉजिटिव
चीजों की नकल करने की आदत होती है। इस प्रवृत्ति को ‘कन्फॉर्मिटी’ कहते हैं। जब आप
देते हैं, तो दूसरे लोग और वे खुद (जिनके लिए आपने अच्छा किया) भी किसी दूसरे के
प्रति ऐसा करने को उतावला हो जाता है। इससे सकारात्मकता बढ़ती है।
नैतिक व्यवहार और चरित्र निर्माण– किसी अच्छे
व्यक्ति या महापुरुष को अपना रोल मॉडल बनाएँ. उनसे नैतिक मूल्यों व उच्चस्तरीय
चरित्र निर्माण के कुछ गुण सीखें और उन्हें अपने जीवन में उतारने की कोशिश करें.
अपनी जिम्मेदारियों, अपने परिवार, परिचितों और दोस्तों के साथ ईमानदारी से खड़े
होने की क्षमता विकसित करें। किशोरावस्था जीवन के मूल्यों को पहचानने, उन्हें
जिंदगी में अमल में लाने और नैतिकता को समझ कर उसे अपने व्यवहार में उतारने का
सबसे सही वक्त होती है। यही वह वक्त है, जब इंसान मैच्योरिटी की ओर बढ़ता है।इसलिए
अपने बच्चों को भी शुरू से ऐसा सिखाएं.
आध्यात्मिक और उद्देश्यपूर्ण हो जीवन – स्वास्थ्य विज्ञानी भी मान चुके हैं कि
अध्यात्म में बड़ी शक्ति होती है . इससे चित्त शांत रहता है, मनोबल ऊंचा होता है और
बीमार व्यक्ति जल्द स्वस्थ होता है. साथ ही आध्यात्मिक रूचि रखने वाला इंसान किसी
का अहित करने या किसी से फरेब करने की प्रवृत्ति भी नहीं रखता. इन गुणों से आपकी
सामाजिक छवि निखरती है. इन सबके साथ साथ जान लें कि एक सार्थक जीवन के लिए किसी
उद्देश्य का होना अनिवार्य है। इसलिए अपने जीवन का उद्देश्य भी तय कर लें.
लोगों से स्नेह रखें- आपको अपने परिवार,
सोसायटी, कॉलोनी और वर्कप्लेस पर मौजूद लोगों के प्रति स्नेह और प्यार की भावना
रखनी चाहिए .उनसे उनका हालचाल पूछते रहना चाहिए.इससे उनके मन में आपके प्रति आदर
का भाव आता है. अगर आप लोगों को, अपने आस-पास के माहौल को, चीजों को प्यार करते
हैं तो आपको लोकप्रिय होने से कोई नहीं रोक सकता है। प्यार करने पर आप दुनिया से
एक तरह की ट्यूनिंग बना लेते हैं। प्यार करने पर आपके अंदर एक नई ऊर्जा का संचार
होता है। प्यार से आपके विचारों को नई ऊंचाई मिलती है।
बौद्धिक कौशल करें विकसित – सीखने की ललक,
बौद्धिक जिज्ञासा और किताब पढ़ने की आदत विकसित कर आप न सिर्फ खुद के लिए एक
सुनहरे भविष्य का रास्ता तैयार कर सकते हैं बल्कि अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ा
सकते हैं. आपका बौद्धिक कौशल लोगों को आपकी ओर आकर्षित करता है. समाज में आपकी
पूछ-परख बढ़ती है.हर कोई अपनी समस्याएं लेकर आपके पास सलाह लेने आता है.


Comments
Post a Comment